नया बदायूं

पुश्तैनी जमीन पर दबंगों का कब्जा, दफ्तरों के चक्कर काट रही पीड़िता

नया बदायूं, संवाददाता।
जिले की बिल्सी तहसील क्षेत्र की एक दलित महिला ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए डीएम से न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों पर रिश्वत मांगने और दबंगों पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। साथ ही विरासत दर्ज कराने में मदद करने वाले राजस्व निरीक्षक को भी झूठे मामले में फंसाने की साजिश रचने की बात कही है। दबंग धमका रहे हैं तो राजस्व कर्मचारियों को चार लाख रिश्वत में मांगने का आरोप लगाया है।

सोमवार को ग्राम तिगोड़ा ईसापुर निवासी राजबेटी पत्नी सोरन सिंह ने डीएम अवनीश राय को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह और उनकी बहन चमेली देवी गाटा संख्या 147/1 रकबा 0.253 हेक्टेयर भूमि की वैध सह-भूमिधर हैं। यह भूमि उनके पिता दन्नू पुत्र मोती के नाम दर्ज थी। पिता और भाई की मृत्यु के बाद उनकी मां शांति के नाम विरासत दर्ज हुई थी। राजबेटी का कहना है कि वर्ष 2020 में मां की मृत्यु के बाद उन्होंने अपनी विरासत दर्ज कराने के लिए तहसील में आवेदन किया। आरोप है कि क्षेत्रीय लेखपाल लवी भारद्वाज और उसके भाई सौरभ भारद्वाज ने विरासत दर्ज करने के नाम पर चार लाख रुपये की मांग की। रुपये न देने पर आवेदन असहमत कर दिया गया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया गया। महिला के अनुसार बाद में ऑनलाइन आवेदन और राजस्व निरीक्षक प्रदीप सक्सेना के हस्तक्षेप के बाद विरासत उनके और उनकी बहन के नाम दर्ज हुई। इसके बाद कैलाश, पवन, वीर सहाय, धर्मपाल और छतरपाल समेत कुछ लोगों ने जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण करा लिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अब दबंग लोग राजस्व निरीक्षक प्रदीप सक्सेना पर राजनीतिक दबाव बनाकर विरासत आदेश निरस्त कराने और उनकी नौकरी खत्म कराने की धमकी दे रहे हैं। महिला ने जिलाधिकारी से भूमि कब्जामुक्त कराने, विरासत आदेश को यथावत रखने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

राजस्व निरीक्षक की सुनिए::::
राजस्व निरीक्षक प्रदीक सक्सेना का कहना है कि मेरे द्वारा वही विभागीय कार्रवाई की जाती है जो सही होती। जांच में जो सही होता है वह किया जाता है लेकिन लेखपाल कुछ अन्य कराना चाहते हैं राजनीतिक लोग कुछ अन्य कराना चाहते हैं। मैंन सही कार्रवाई करते हुए गरीब की सहायता की है इसीलिए बेवजह के आरोप कुछ लोग लगा रहे हैं हालांकि पीड़ित महिला और परिवार इस तरह के आरोप नहीं लगा रहे हैं।

Exit mobile version