नया बदायूं, संवाददाता।
डीएम अवनीश राय ने शनिवार को तहसील बिसौली में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कुल 34 शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 2 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 32 मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
डीएम ने कहा कि आमजन की शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयसीमा में समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि शासन स्तर से भी संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा एवं फीडबैक लिया जाता है। इसलिए शिकायतों के समाधान में शिकायतकर्ता की संतुष्टि का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करे और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करे। साथ ही निस्तारण प्रक्रिया की फोटोग्राफी भी कराई जाए। यदि किसी शिकायत का समाधान नियमों के अंतर्गत संभव न हो, तो इसकी स्पष्ट जानकारी शिकायतकर्ता को दी जाए। संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त 34 शिकायतों में राजस्व विभाग की 8, पुलिस विभाग की 9, विकास विभाग की 2, समाज कल्याण विभाग की 1, विद्युत विभाग की 2 तथा अन्य विभागों से संबंधित 12 शिकायतें शामिल थीं। विद्युत विभाग की दोनों शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 32 शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। समाधान दिवस में एसएसपी अंकिता शर्मा सहित अधिकारी मौजूद रहे।

Discussion about this post