नया बदायूं, संवाददाता।
भारत स्काउट और गाइड संस्था के तत्वावधान में कुष्ठ रोगियों को दैनिक उपयोग का सामान और एक दिन के भोजन वितरण की तैयारियां स्काउट भवन प्रशाक्षण केंद्र पर की गईं।
स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि कुष्ठ रोगियों की सेवा ईश्वर की सच्ची आराधना है। समाज के पीड़ित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता ही हमारे संस्कारों की पहचान है। कुष्ठ रोगी दया के नहीं, सम्मान और आत्मीयता के अधिकारी हैं। सेवा, सहयोग और जागरूकता के माध्यम से हम उनके जीवन में आशा का प्रकाश जगा सकते हैं। अपनत्व और समरसता से देश को आगे बढ़ाएं।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि युवा अपने चिंतन, चरित्र, पवित्र आचरण से समाज और राष्ट्र की दिशा बदल सकता है। उन्होंने कहा युवाओं को नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों में आगे आकर नेतृत्व करना चाहिए। डीओसी मोहम्मद असरार ने बताया कि भारत स्काउट गाइड संस्था की ओर से कुष्ठरोगियों की सेवा 35 वर्षों से भी अधिक समय से की जा रही है। उन्होंने कहा कि नहाने और धोने का साबुन, चाय की पत्ती, पट्टियां आदि दैनिक उपयोग का सामान के साथ एक दिन का तैयार भोजन दाल-चावल, रोटी-सब्जी नियमित हर महीने दी जा रही है। प्रदेश में ऐसी सेवा और कहीं नहीं की जाती है। इस मौके पर निखिल चौहान, नेत्रपाल ने दैनिक उपयोग के सामान के पैकेट तैयार कराएं।
