नया बदायूं

विश्व योग दिवस की तैयारियों को लेकर योग कक्षा में पहुंचे सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता

नया बदायूं, संवाददाता।
21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर ऑडीटोरियम प्रांगण में नियमित संचालित योग कक्षा में इन दिनों विशेष अभ्यास कराया जा रहा है। गिरधारी सिंह राठौर के सानिध्य में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप पिछले एक सप्ताह से योग दिवस को सफल बनाने की तैयारियां चल रही हैं। इसी क्रम में शनिवार प्रातः सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने सुबह 5:15 बजे योग कक्षा में पहुंचकर योग साधकों का उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत योग के माध्यम से विश्वगुरु बन चुका है और नियमित योगाभ्यास से ही स्वस्थ जीवन संभव है।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन एवं योगगुरु स्वामी रामदेव के सहयोग से पूरे विश्व में वृहद स्तर पर योग दिवस मनाया जा रहा है, जिसे अनेक देशों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ भारत का निर्माण भी हमारा लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने योग में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यदि माताएं और बहनें स्वस्थ रहेंगी तो पूरा परिवार स्वस्थ एवं सकारात्मक विचारों वाला बनेगा। उन्होंने प्रतिदिन प्रातः 5 बजे योग कक्षा में नियमित रूप से उपस्थित होने वाली महिलाओं का विशेष आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व भीमसेन सागर, डॉ. जुगल किशोर एवं डॉ. आरपी सिंह ने विधायक का पटका पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर सतीश चन्द्र सिंह, नरेश पाल गुप्ता, योगेन्द्र पाल, केसी पाल, आवेश पाल, संजीव चौहान, रामबहादुर, त्रिवेन्द्र कुमार, वीरेन्द्र कुमार, लवली चौहान, प्रवेश चौहान, शांति एवं अनीता सिंह सहित अनेक योग साधक उपस्थित रहे।

Exit mobile version