नया बदायूं संवाददाता।
जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त जनशिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण में बदायूं पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अगस्त 2026 के शासन स्तर से किए गए मूल्यांकन में बदायूं पुलिस ने 135 में से 135 अंक हासिल किए।
मूल्यांकन में संदर्भों की मार्किंग/अग्रसारण, डिफॉल्टर संदर्भ, संतुष्ट फीडबैक, उच्चाधिकारी एवं मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा श्रेणीकरण, रैंडम श्रेणीकरण, कार्यवाही, जनता दर्शन फीडिंग, प्रोफाइल अपडेशन और फील्ड विजिट रिपोर्ट समेत सभी मानकों पर बदायूँ पुलिस को पूर्ण अंक मिले।
डिफॉल्टर कोई शिकायत नहीं
खास बात यह रही कि कोई भी आईजीआरएस संदर्भ डिफॉल्टर नहीं हुआ, जबकि संतुष्ट फीडबैक में भी पुलिस ने 30 में से 30 अंक प्राप्त किए।
15 थानों में प्रथम स्थान
एसएसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में जनपद के 22 थानों में से 15 थानों ने भी आईजीआरएस मूल्यांकन में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। पुलिस के अनुसार यह उपलब्धि जनशिकायतों के प्रति संवेदनशीलता, जवाबदेही और प्रभावी कार्यप्रणाली को दर्शाती है।
टीम को दी बधाई
इस उपलब्धि पर एसएसपी ने नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, प्रभारी आईजीआरएस निरीक्षक अशोक कुमार काम्बोज तथा आईजीआरएस यूनिट के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। बदायूं पुलिस ने जनशिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही को प्राथमिकता देते हुए आगे भी बेहतर कार्य जारी रखने की बात कही है।
