नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं जनपद के उसावां नगर पंचायत कार्यालय में आउटसोर्सिंग स्वच्छता कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए। कर्मचारियों की हड़ताल से नगर की स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय पर हड़ताल जारी है। बताया जा रहा है कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की मुख्य मांगों में पीएफ सुविधा लागू करना और वेतन वृद्धि शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से मांगें लंबित हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हड़ताल के दौरान नगर पंचायत कार्यालय परिसर में पुलिस सुरक्षा भी तैनात रही। नगर पंचायत प्रशासन द्वारा कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे और आंदोलन जारी रखने की बात कही। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक हड़ताल रहेगी।
