नया बदायं, संवाददाता।
भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रान्तीय अध्यक्ष मयंक प्रताप सिंह द्वारा घोषित पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के क्रम में आज उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों द्वारा काली पट्टी बांध कर कार्य करते हुए विगत 2 माह से लंबित मानदेय के विरोध में प्रदर्शन किया गया। जिसमें स्थानीय जनपद बदायूं सहित प्रदेश भर में कर्मचारियों का शांतपूर्ण तरीके से विरोध चल रहा है। वेतन नहीं मिला तो 21 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जायेगी।
मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर उपस्थित होकर विभाग के प्रति शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज कराया। जिसमें बदायूं जनपद में भी विरोध दर्ज कराया गया है। जिसमें जिला महिला अस्पताल हो या फिर पुरूष अस्पताल हो या फिर सीएचसी-पीएचसी हो, इसके अलावा जन आरोग्य मंदिर हों, इसके अलावा अन्य सेंटर हों जहां डॉक्टर-कर्मचारी, अधिकारी सभी ने काला फीता बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए कार्य किया है। कृष्ण वल्लभ चतुर्वेदी जिलाध्यक्ष राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ जनपद बदायूं के नेतृत्व में कर्मचारियों में आक्रोश है और 21 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया है। संगठन की ओर से चेतावनी दी गई है कि 20 मई तक अगर मानदेय जारी नहीं किया गया तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जायेगी।
बेपटरी हो जायेगी चिकित्सा व्यवस्था
संघ के प्रदेश महामंत्री आदित्य भारती ने बताया कि इस प्रदेशव्यापी विरोध कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनएचएम के संविदा चिकित्सक, एएनएम, स्टॉफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, सीएचओ, पैरामेडिकल स्टॉफ, बीपीएम, बीसीपीएम, मैनेजमेंट स्टॉफ सहित अन्य समस्त संविदा कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि मार्च एवं अप्रैल 2026 का मानदेय अभी तक न मिलने के कारण कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। बच्चों के विद्यालयों का नया सत्र प्रारम्भ होने के बावजूद कर्मचारी फीस, पुस्तकों एवं दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करने में असमर्थ हो रहे हैं, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
जिलाध्यक्ष की सुनिए….बोले इमरजेंसी सेवा चालू रहेगी
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ जनपद बदायूं के जिलाध्यक्ष कृष्ण वल्लभ चतुर्वेदी का कहना है कि आज काला फीता बांधकर हमारे द्वारा सत्यनिष्ठा से अपने दायित्व का निर्वहन किया गया और यह कार्यक्रम 20 मई तक जारी रहेगा। 20 मई से यदि वेतन का भुगतान नहीं होता है तो विवश होकर जनपद में कार्यरत सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्मिकों द्वारा कार्यबहिष्कार कर जिला मुख्यालय पर एकत्रित रहेंगे, जिसकी सभी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। हां आकस्मिक सेवा जारी रहेगी।
