नया बदायूं, संवाददाता।
उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं में बेजुबान बंदर की जान बचाकर पशु प्रेमियों ने एक बड़ी मिसाल पेश की है। जल जीवन मिशन के ओवरहंटेक में गिरे बंदर को पशु प्रेमी ने रेस्क्यू कर जान बचाई है। जिसकी समाज में भूरी भूरी प्रशंसा हो रही है।
ग्राम पुसगवां में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पानी की टंकी में कई बंदर किसी तरह अंदर घुस गए थे अधिकांश बंदर तो स्वयं बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन एक कमजोर बंदर टंकी के अंदर ही फंस गया। लगभग दो दिनों तक वह बंदर बाहर नहीं निकल पाया और उसकी जान पर खतरा मंडराने लगा। जब टंकी के ऑपरेटर विजय शर्मा को इस स्थिति की जानकारी मिली, तो उन्होंने बंदर को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए। उन्होंने टंकी के अंदर सीढ़ी, बल्ला (लकड़ी) तथा रस्सी डाली, ताकि बंदर उनके सहारे बाहर आ सके, लेकिन बंदर की कमजोर स्थिति के कारण वह बाहर नहीं निकल पाया। शाम को विजय शर्मा ने घर लौटकर अपने भाई प्रशान्त शर्मा को पूरी घटना बताई। यह सुनते ही प्रशान्त शर्मा ने बंदर को बचाने का संकल्प लिया और तत्काल पीपुल्स फॉर एनिमल्स, बदायूं से संपर्क किया। सूचना मिलते ही संस्था के विकेंद्र शर्मा (Animal rights activist) एवं उनकी टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाने का निर्णय लिया। सोमवार रात्रि लगभग नो बजे से शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान देर रात 11:50 बजे तक चला। कड़ी मेहनत, सूझबूझ और टीमवर्क के साथ बंदर को सुरक्षित रूप से टंकी से बाहर निकाल लिया गया। इस सफल रेस्क्यू के माध्यम से न केवल एक बेजुबान जीव की जान बचाई गई, बल्कि जल स्रोत को प्रदूषित होने से भी बचाया जा सका। इस सराहनीय कार्य में पीपुल्स फॉर एनिमल्स की टीम प्रवेश शर्मा, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रशांत सागर, पवन राठौर, जुबेर, केशव ठाकुर तथा पुलिस प्रशासन सहित अनेक लोगों ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। यह घटना मानवता, पशु-प्रेम और सामूहिक प्रयास की एक प्रेरणादायक मिसाल है, जो समाज को यह संदेश देती है कि हर जीव का जीवन मूल्यवान है और संकट की घड़ी में मिलकर किया गया प्रयास किसी भी जीवन को बचा सकता है।
