नया बदायूं

सत्ताधारी नेताओं के भू-माफिया गुर्गों का इकबाल बुलंद, न्यायालय का आदेश दरकिनार, रेस्टोरेट की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश

नया बदायूं, संवाददाता।
योगी सरकार के बुल्डोजर वाले मॉडल को फेल करने में कोई और नहीं सत्ताधारी नेताओं के गुर्गे ही लगे हुए हैं। सत्ता के दबाव में अफसरों को लेकर जनता की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं और उत्पीडन किया जा रहा है। एक बार फिर ताजा मामला बदायूं शहर से आया है सत्ताधारी जनप्रतिनिधि के गुर्गे न्यायालय में विचाराधीन मामला होने के बाद भी कब्जा करने में लगे हुए हैैं। न्यायालय में विचाराधीन होने के बाद भी सत्ता के बल पर अफसरों और पुलिस एवं राजस्व टीम लेकर मौके पर पहुंच गए। बुल्डोजर चलाने से पहले पीड़ित ने कार्रवाई का आदेश दिखाने को कहा तो राजस्व टीम आदेश दिखा नहीं सकी। इस बीच हंगामा हुआ और टीम वापस लौट आई। फिर रात में बुल्डोजर से रेस्टोरेंट के आसपास खुदाई करा दी है। वहीं पीड़ित ने धमकाने एवं मारपीट व तोड़फोड़ का आरोप लगाया है।

बदायूं सदर कोतवाली क्षेत्र के कुरऊ रोड स्थित ग्राम पंचायत चुंगी बाहर में एक व्यक्ति ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जे की कोशिश को लेकर गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने राजस्व विभाग की टीम और विपक्षी दल सत्ताधारी जनप्रतिनिधि के गुर्गों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से न्याय और कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़ित मुशाहिद खान पुत्र मोहम्मद मियां ने बताया कि कुरऊ रोड पर उनकी पुश्तैनी जमीन है, जिस पर वर्तमान में ‘फ्रेंड्स जोन रेस्टोरेंट’ संचालित हो रहा है। आरोप है कि 17 जून की शाम करीब पांच बजे राजस्व विभाग की टीम कुछ बाहरी लोगों के साथ अचानक मौके पर पहुंच गई। टीम ने एक कथित समझौता नामा दिखाते हुए भूमि पर कब्जा करने का प्रयास शुरू कर दिया।इसी बीच पीड़ित रेस्टोरेंट संचालक व राजस्व टीम में जमकर नोकझोंक हुई और कार्रवाई का आदेश मांगा। आरोप है कि राजस्व टीम के साथ सत्ताधारी नेता एवं भू-माफिया के साथ गुर्गे साथ में रहे जो धमकाते रहे।

पीड़ित रेस्टोरेंट संचालक।

न्यायालय में विचाराधीन है मामला

पीड़ित मुशाहिद खान के अनुसार, विवादित भूमि से संबंधित मामला वर्तमान में बरेली कमिश्नरी एवं अपर जिलाधिकारी न्यायालय, बदायूं में विचाराधीन है। कोर्ट में मामला लंबित होने के बावजूद कानून को ताक पर रखकर जबरन कब्जे का प्रयास किया गया। पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने इस कार्रवाई का विरोध किया, तो मौके पर मौजूद लेखपाल कमल कुमार तथा अन्य कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पीड़ित ने दावा किया है कि इस पूरी घटना का वीडियो साक्ष्य के रूप में उनके पास सुरक्षित है।

रात में जेसीबी से नुकसान पहुंचाने का आरोप
मामला यहीं नहीं रुका, पीड़ित का आरोप है कि उसी दिन देर रात कुछ लोग मौके पर जेसीबी मशीन लेकर पहुंचे। दबंगों ने रेस्टोरेंट के ढांचे को क्षतिग्रस्त कर दिया और वहां रखी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया। पीड़ित मुशाहिद खान ने संबंधित उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने और अपनी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।पीड़ित का आरोप है कि धमकाया जाता है और जमीन खाली करने को कहा जा रहा है।

बदायूं और दातागंज सहित माफियाओं का है गैंग
बदायूं शहर के जनप्रतिनिधि के गुर्गे जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। उनके साथ बदायूं के भू-माफिया हैं इसके अलावा उनके साथ दातागंज का एक भू-माफिया हैं जो जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। यह माफिया कोई नये नहीं हैं, यह माफिया 2017 के बाद उपजे हैं और कई जगह जमीनों के उल्टे-सीधे बैनामा कराये या फिर कब्जा भी किये हैं। बिसौली रोड़ पर भी कालोनी बसाने के दौरान अवैध कब्जा किये और लोगों को धमका कर जमीन अपने नाम करा ली। यही स्थिति यहां कर रहे हैं।

Exit mobile version