नया बदायूं, संवाददाता।
अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस के अवसर पर संस्थान परिसर में “OUR NURSES. OUR FUTURE. EMPOWERED NURSES SAVE LIVES.” थीम के तहत एक भव्य, प्रेरणादायक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नर्सिंग पेशे से जुड़े स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पण, सेवा भावना, अनुशासन एवं मानवता के प्रति उनके अमूल्य योगदान को सम्मानित करना रहा। कार्यक्रम में संस्थान के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, नर्सिंग स्टाफ एवं गणमान्य अतिथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
शहर के कादरचौक मार्ग स्थित शिखर इस्ट्यूटूट ऑफ फार्मेसी कालेज में अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। दीप प्रज्वलन के दौरान छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना नृत्य ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं सांस्कृतिक रंगों से भर दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन नर्सिंग ट्यूटर राधा गौर एवं नर्सिंग छात्रा भूमि द्वारा अत्यंत प्रभावशाली एवं व्यवस्थित ढंग से किया गया। उन्होंने अपने आकर्षक संचालन से कार्यक्रम को निरंतर ऊर्जावान बनाए रखा। यहां छात्राओं द्वारा नर्स दिवस के महत्व पर विचार प्रस्तुत किए गए। नर्सिंग छात्रा हिरा बी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नर्सें केवल मरीजों की देखभाल ही नहीं करतीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में मरीजों एवं उनके परिवारों को मानसिक संबल भी प्रदान करती हैं। इसके अतिरिक्त छात्रा स्वाति, सुगंध, सुदेश, रिदा, इंशा, काजल एवं गायत्री द्वारा कविता पाठ एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
नर्सेज दिवस पर रखे विचार
कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग ट्यूटर प्रज्ञा सक्सेना द्वारा फ़्लोरेन्स नाइटिंगेल के जीवन, संघर्ष एवं नर्सिंग क्षेत्र में उनके योगदान पर पीपीटी प्रस्तुति दी गई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार फ्लोरेंस नाइटिंगेल ने आधुनिक नर्सिंग की नींव रखी और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा प्रदान की। इसके अतिरिक्त फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन पर आधारित एक लघु वीडियो भी प्रदर्शित किया गया, जिसे छात्र-छात्राओं ने रुचिपूर्वक देखा।
कोविड महारमारी में निभाई भूमिका
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में द्वितीय वर्ष की छात्राओं द्वारा समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया। वहीं प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा कोविड-19 महामारी पर आधारित विशेष समूह नृत्य एवं अभिनय प्रस्तुत किया गया, जिसमें कोरोना काल के दौरान नर्सों एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाया गया। प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया तथा उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्य की सराहना संग सम्मान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान के डायरेक्टर राजन मेंहदीरत्ता, अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार वर्मा तथा ब्लॉक प्रमुख कादरचौक वीरेंद्र राजपूत ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। मुख्य अतिथियों द्वारा जिला महिला चिकित्सालय की ट्रेनिंग इंचार्ज सिस्टर मरियम चरन, जिला पुरुष चिकित्सालय की मैट्रन रीता सरन, ऊषा पाल, आईसीयू इंचार्ज अनु सिंह, सिस्टर इंचार्ज वंदना रानी तथा नर्सिंग ऑफिसर राजेश द्विवेदी, मानसी अग्रवाल, ज्योति तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी की सिस्टर इंचार्ज विनी नोरिन टर्नर एवं ज्योति राजपूत के साथ साथ शिखर नर्सिंग होम उझानी की नर्सिंग ऑफिसर पिंकी यादव एवं मानसी शर्मा की सेवाओं एवं नर्सिंग क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की और सम्मानित किया।

Discussion about this post