नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं में सोमवार शाम आई तेज आंधी और बारिश एक परिवार के लिए काल बन गई। शहर के व्यस्त गद्दी चौक क्षेत्र में आंधी के दौरान एक विशालकाय पेड़ अचानक सड़क से गुजर रहे ऑटो पर गिर पड़ा, जिससे ऑटो में सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब छह बजे अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान गद्दी चौक के निकट सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा पेड़ तेज हवाओं के कारण उखड़कर गुजर रहे ऑटो पर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही ऑटो पूरी तरह दब गया और उसमें सवार लोग फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए और राहत कार्य शुरू किया। वहीं कोतवाली सदर, सिविल लाइंस पुलिस तथा यूपी-112 की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद पेड़ को हटाकर घायलों को ऑटो से बाहर निकाला गया। यूपी-112 पुलिसकर्मी अपनी गाड़ी से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने शवा अलीम पुत्री अहमद अलीम खान निवासी मोहल्ला जालंधरी सराय, सदर कोतवाली क्षेत्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं संतोष निवासी उसहैत गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में देर शाम तक लोगों की भीड़ जुटी रही और शोक का माहौल बना रहा। वहीं परिजनों की ओर से अस्पताल में हंगामा किया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर में पुराने और जर्जर पेड़ों की स्थिति तथा बरसात के मौसम में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे खतरनाक पेड़ों की पहचान कर समय रहते उचित कार्रवाई की मांग की है।
