संवाददाता, नया बदायूं।
जनपद में सरकार की राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 की व्यवस्था के तहत हर महीने की तरह इस बार अप्रैल महीने में भी राशन वितरण किया जायेगा। छह अप्रैल से राशन वितरण किया जायेगा। इसको लेकर पूर्ति विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। राशन की दुकान पर राशन का स्टाक पहुंच चुका है और वितरण अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है और आज से निशुल्क वितरण किया जायेगा। डीएम सहित अधिकारियों ने निर्देश दिये हैं कि पारदर्शिता के साथ राशन वितरण किया जाये।
बदायूं में 5.50 लाख गरीब परिवारों को मिलेगा राशन
छह छह अप्रैल से जनपद में राशन वितरण किया जायेगा। इसके लिए जिला पूर्ति विभाग की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। सभी निरीक्षकों एवं वितरण अधिकारियों को लगा दिया गया है। जारी आदेश में बताया कि आज छह अप्रैल से राशन वितरण अप्रैल महीने का शुरू किया जायेगा। निशुल्क राशन वितरण कार्य यह 20 अप्रैल तक चलेगा। यह राशन जनपद की 1439 राशन की दुकानों पर किया जायेगा। इसका लाभ जिले में पांच लाख 50 हजार कार्ड धारकों को मिलेगा। इसमें करीब 50 हजार आंत्योदय कार्ड धारक हैं इसके अलावा पांच लाख गृहस्थी कार्ड धारक हैं।
किसको कितना मिलेगा राशन
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत आच्छादित आंत्योदय लाभार्थियों को राशन वितरण किया जायेगा। आंत्योदय कार्ड धारकों को प्रति कार्डधारक 21 किलो गेहूं, 14 किलो चावल (कुल 35 किलो राशन) निःशुल्क वितरित कराया जाएगा। पात्र गृहस्थी योजना में पात्र गृहस्थी योजना के राशन कार्डधारकों व लाभार्थियों को तीन किलो गेहूं, दो किलो चावल (कुल पांच किलो राशन) प्रति व्यक्त्ति निःशुल्क वितरित किया जाएगा।
अधिकारी की सुनिए:::
जिला पूर्ति अधिकारी सतीश मिश्रा का कहना है कि शासन की ओर से हर महीने वितरण होने वाला राशन आज छह अप्रैल से वितरण शुरू कराया जा रहा है। पूरी पादर्शिता के साथ 20 अप्रैल तक राशन वितरण चलेगा। इसके लिए वितरण अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है।
