नया बदायूं, संवाददाता।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के रक्त केंद्र विभाग द्वारा विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य थैलेसीमिया रोग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करना रहा।
शुक्रवार को कार्यक्रम में वर्ष 2023 बैच के नर्सिंग छात्रों द्वारा ओपीडी हॉल में थैलेसीमिया जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। यह कार्यक्रम डॉ. अरुण कुमार प्रधानाचार्य एवं डॉ. श्रीनिवासन गांधी प्रधानाचार्य, नर्सिंग कॉलेज के निर्देशन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉ. लालेन्द्र यादव, सहायक आचार्य, फार्माकोलॉजी विभाग तथा डॉ. वैशाली, सहायक आचार्य, पैथोलॉजी विभाग द्वारा स्वयं रक्तदान कर समाज को प्रेरित किया गया। रक्तदान शिविर का उद्घाटन प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार द्वारा किया गया। शिविर में कुल 10 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 02 रक्तदाताओं द्वारा रक्तदान किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार एवं रक्त केंद्र प्रभारी डॉ. वैशाली सिंह द्वारा रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं ब्लड डोनेशन कार्ड प्रदान किए गए। प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि थैलेसीमिया जैसे गंभीर रोग में नियमित रक्त की आवश्यकता होती है, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। राजकीय मेडिकल कॉलेज लगातार जन-जागरूकता एवं सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रहा है। डॉ. सुचेता यादव विभागाध्यक्ष पैथोलॉजी द्वारा थैलेसीमिया संबधित प्रीनेटल स्क्रीनिंग के बारे में जानकारी दी गई और बताया की थैलेसीमिया मरीज को ब्लड बैंक से बिना रक्तदान किए ही ब्लड उपलब्ध कराया जाता है। र्यक्रम को सफल बनाने में रक्त केंद्र के लैब टेक्नीशियन रजनीश कुमार पटेल तथा नर्सिंग स्टाफ सालवी राठौर आदि का विशेष योगदान रहा।
