नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं शहर नगर पालिका द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में विकास कार्यों को लगातार रफ्तार दी जा रही है। जिससे शहर को विकसित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में शहर के मोहल्ला कबूलपुरा वार्ड संख्या आठ और कटरा ब्राह्मपुर वार्ड संख्या 14 में नई सीसी सड़कों के निर्माण कार्य का विधिवत उद्घाटन पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा द्वारा किया गया। नगर क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से पालिका द्वारा सड़क, नाली और पुलिया निर्माण जैसे कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही शहरी सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और आकर्षक बनाया जा सके।
बुधवार को वार्ड संख्या 14 की रंगरेजान वाली गली में राकेश के मकान से जाहिद के मकान तक बनने वाली सीसी सड़क का लोकाापर्ण किया। जिसके निर्माण पर लगभग 6 लाख 11 हजार रुपये, वहीं वार्ड संख्या 8 के कबूलपुरा क्षेत्र में शाहिद के मकान से होली चौक तक बनने वाली सीसी सड़क का भी उद्घाटन किया गया। जिसकी अनुमानित लागत 11 लाख 11 हजार रुपये है। पालिकाध्यक्ष के वार्ड में पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों और महिलाओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। लोगों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के कार्य आगे भी जारी रहेंगे, जिससे उनके क्षेत्र की समस्याओं का समाधान होगा। इस मौके पर सभासद शाजमा बी, जीनत अबरार, अंसार हुसैन, मेराज अंसारी, सायरा बानो अंसारी, फारूक राईन, शकील, राजा अली खां, मुशाहिद सैफी, शावेद खां, अय्यूब अली, शाहिद सैफी, मुन्ने खां, जावेद खां, ताहिरा शावेद, नाजिया जावेद, रजिया बेगम, मधु, पिंकी, तस्लीम अहमद, रामूर्ति समेत कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार, निर्माण लिपिक सचिन सक्सेना, लवी कुमार, लिपिक नवैद इकबाल गनी और गजेंद्र शाक्य मौजूद रहे।
साफ-सफाई की अपील
नगर पालिका चेयरमैन फात्मा रजा ने शहर के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शहर को साफ-सुथरा और हरा-भरा बनाए रखने में सभी को सहयोग करना चाहिए। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी बेहद जरूरी है। सभी लोग स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें।
15वें वित्त से हो रहे विकास कार्य
पालिकाध्यक्ष ने यह भी बताया कि 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि के अंतर्गत शहर के कई वार्डों में सड़क, नाली और अन्य निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए थे। इनमें से अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। आने वाले समय में और भी विकास योजनाएं लागू की जाएंगी।
