नया बदायूं, संवाददाता।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत की ओर से थाना बिनावर ग्राम ओझा में आठ व्यक्तियों पर झूठा मुकदमा लिखे जाने की निष्पक्ष जांच न होने पर एसएसपी को 15 मई को स्वर्गीयचौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि के बाद दोपहर दो बजे एसएसपी कार्यालय पर घेराव करने की चेतावनी दी है।
भाकियू मंडल प्रवक्ता राजेश सक्सेना ने चेतावनी पत्र में कहा कि 17 अप्रैल को थाना बिनावर ग्राम ओझा में तहसील सदर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैसर अली व सात लोगों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इस मामले में सीओ सिटी से सही जांच की आशा नहीं है, पीड़ितों ने जांच अधिकारी बदलवाने की मांग की है। इसको लेकर बुधवार को शहबर के मालवीय आवास पर धरना दिया। बरेली मंडल के प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना ने कहा 5 दिन बाद भी पुलिस प्रशासन ने सुध नहीं ली। झूठी रिपोर्ट पर सीओ सिटी ने कोई भी कार्रवाई नहीं की है ना ही गांव में कोई भी अधिकारी गया है। इससे ऐसा प्रतीत होता है झूठे लोगों को जेल भेजने का मंसूबा है। मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना ने कहा किसी भी कीमत पर एससी एसटी एक्ट का दुरुपयोग नहीं होने देंगे। मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चौधरी सौदान सिंह ने कहा जिले में निरंतर झूठे मुकदमे लिखे जा रहे हैं, निर्दोष लोग जेल जा रहे हैं, हम लोग शांतिपूर्वक पांच दिन से धरने पर बैठे हैं और आस लगाए हुए हैं कि हमारी बात सुनी जाएगी, मगर लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत इतना संवेदनहीन प्रशासन हो गया है कि हमारी बात सुनना तो दूर धरने पर आने का किसी ने यह यह जहमत नहीं उठाई है। धरना में पप्पू सागर, छोटे अली ,सुरेश, नेत्रपाल सिंह, नदीम, ओंकार सिंह, अरविंद, मोहम्मद हसन, बृजपाल प्रजापति, पप्पू सैफी, अनारकली, मुन्नी देवी, शकुंतला देवी, नथो देवी शामिल रहीं।
