नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद भर में बड़ा मंगल का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। शहर के सराफा बाजार स्थित 84 घंटा हनुमान मंदिर पर ज्येष्ठ पुरुषोत्तम मास के चतुर्थ बड़े मंगल का पर्व श्रद्धा पूर्वक, भक्ति भाव एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दोपहर 12 बजे से शाम तक शीतल शरबत का वितरण किया ग या। मंदिर के पुजारी पंडित सुधीर मिश्रा ने सुबह 7:30 बजे कलयुग के जागृत देव पवन पुत्र भगवान श्रीराम के परम प्रिय भक्त श्रीहनुमानजी का चमेली के तेल एवं सिंदूर से लेपन कर चोला चढ़ाया। इसके बाद नवीन वस्त्र आभूषणों से भगवान श्रीहनुमानजी का भव्य-दिव्य श्रृंगार कर आरती उतारी एवं लड्डुओं का भोग लगाया गया।
मंगलवार को मंदिर के पुजारी पंडित सुधीर मिश्रा ने बताया भगवान श्रीराम के परम प्रिय एवं अन्य भक्त कलयुग के जागृत देव हैं। श्रीहनुमानजी जिनकी कृपा से भक्तों के रोग, शोक एवं अन्य संकट कट जाते हैं। हनुमानजी की कृपा पाने के लिए भगवान श्रीरामकी आराधना करनी चाहिए। सिंदूरी चोला, नवीन वस्त्र आभूषण की व्यवस्था अनीता वैश्य एवं उमंग वैश्य के द्वारा कराई गई। शाम को 7:30 बजे श्रीहनुमान चालीसा का पाठ एवं भव्य दिव्य आरती का आयोजन किया गया। भक्तों के जय श्रीराम, जय हनुमान के जयकारों से वातावरण आध्यात्मिक एवं भक्तिमय हो गया। इस मौके पर राजकुमार सिंह सेंगर, अजय रस्तोगी, आलोक भारद्वाज, मुकुल जोशी, नीति अग्रवाल, श्रद्धा अग्रवाल, कन्हैया मिश्रा, रामगोपाल पटवा, अशोक पटवा, संजय राणा, वंश मिश्रा, नितिन रस्तोगी एवं नरेश प्रजापति का विशेष योगदान रहा।
