नया, बदायूं , संवाददाता।
उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं का गठन तो 1838 ई. में हुआ लेकिन अंग्रेजी हुकुमत में केवल बरेली-मथुरा मीटरगेज रेलवे लाइन की सुविधा मिली। इसके बाद केंद्र में भाजपा की सरकार आई और 2014 के बाद बदायूं-कासगंज रेलवे मार्ग मीटरगेज से बदलकर ब्राडगेज में किया गया। इस दौरान बदायूं की जनता ने उम्मीदें कि अब बदायूं से दिल्ली के लिए ट्रेन सेवा चलेगी। मगर यह मांग और सपना वास्तव में सपना बनकर रह गया था, इसके लिए कांग्रेस से लेकर सपा के नेताओं ने काफी प्रयास किया सड़क से संसद तक मांग की। इसके बाद बदायूं के विकास के अध्याय को आगे बढ़ाने के लिए केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा भाजपा की केंद्र की सरकार में मंत्री बने और बदायूं से दिल्ली के लिए ट्रेन को लगातार प्रयास किया। बीते दिनों उनका प्रयास रंग लाया और सपना साकार हुआ। बदायूं से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन सेवा का शुभारंभ 13 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा इंटरसिटी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इस ट्रेन के संचालन से जिले के हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी और बदायूं के विकास में एक नया अध्याय जुड़ जायेगा।
इंटरसिटी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखायेंगे बीएल वर्मा
बदायूं जिले के हजारों यात्रियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। बदायूं से दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा 13 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। इस महत्वपूर्ण रेल सेवा का शुभारंभ सोमवार 13 अप्रैल को 11 बजे केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा करेंगे। कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से बदायूं, कासगंज और बरेली क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती थी या लंबा सफर तय करना पड़ता था, लेकिन इस ट्रेन के संचालन से यात्रा सरल, सुलभ और समयबद्ध हो जाएगी। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि गाड़ी संख्या 14315/14316 बरेली-नई दिल्ली एक्सप्रेस चलेगी।
उद्योग-व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
बरेली से होकर बदायूं होते हुए दिल्ली के लिए इंटरसिटी ट्रेन सेवा संचालित होने जा रही है। रेलवे विभाग के अनुसार, यह इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन कासगंज से प्रारंभ होकर बदायूं और बरेली होते हुए सीधे दिल्ली तक जाएगी। यह सेवा न केवल दैनिक यात्रियों के लिए उपयोगी होगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी दिल्ली जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत प्रदान करेगी।
24 मार्च को दी थी रेलमंत्री ने मंजूरी
बरेली-बदायूं-कासगंज होते हुए दिल्ली के लिए सीधे ट्रेन सेवा को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से 24 मार्च को जारी आधिकारिक पत्र में इस सेवा को मंजूरी दी गई थी। यह स्वीकृति केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा के 20 नवंबर 2025 को भेजे गए प्रस्ताव के संदर्भ में दी गई है। रेल मंत्रालय के इस निर्णय को क्षेत्र के समग्र विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
सीधे ट्रेन देने में उझानी की जनता का ख्याल
बरेली-नई दिल्ली एक्सप्रेस का जहां बदायूं की जनता को लाभ मिलेगा, वहीं केंद्रीय राज्यमंत्री ने उझानी की जनता का ख्याल रखते हुये यहां पर ट्रेन का स्टॉप ले लिया है। प्रतिदिन संचालित होने वाली ट्रेन उझानी रेलवे स्टेशन से यात्रियों को लेकर एवं उतारकर जायेगी। इसके साथ ही कासगंज के बीच सोरों पर भी केंद्रीय राज्यमंत्री ने स्टॉप दिलाने का काम किया है।
समय सारिणी
कासगंज से दिल्ली (अप दिशा) : कासगंज से प्रस्थान : सुबह 2:50 बजे
बदायूं आगमन : सुबह 3:45 बजे (5 मिनट ठहराव)
बदायूं से प्रस्थान : सुबह 3:50 बजे रामगंगा ब्रिज: सुबह 4:35 बजे
बरेली जंक्शन आगमन : सुबह 4:45 बजे
बरेली से प्रस्थान : सुबह 4:55 बजे
दिल्ली आगमन : सुबह 10:20 बजे
दिल्ली से कासगंज (डाउन दिशा) : दिल्ली से प्रस्थान : शाम 4:35 बजे
बरेली आगमन : रात 9:50 बजे
बरेली से प्रस्थान : रात 10:00 बजे
बदायूं आगमन : रात 10:40 बजे (5 मिनट ठहराव)
बदायूं से प्रस्थान : रात 10:45 बजे कासगंज आगमन : रात 12:10 बजे
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा की सुनिए:::
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने बताया कि बदायूं से दिल्ली तक सीधी रेल सेवा की शुरूआत 13 अप्रैल को होगी। रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इस ट्रेन के चलने से जिले के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। वर्षों पुरानी मांग और जनता का सपना साकार होने जा रहा है। केंद्र की मोदी सरकार ने बदायूं को बड़ा तोहफा दिया है।
