नया बदायूं, संवाददाता।
नगर पंचायत सखानूं में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना एवं हर घर तिरंगा अभियान के तहत संविलियन विद्यालय सखानूं में जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान बालिका एवं महिला सुरक्षा को लेकर गोष्ठी भी आयोजित की गई।
गोष्ठी में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, साइबर सुरक्षा और वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं की जानकारी दी गई। महिला एवं बालिकाओं के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया गया।
जिला मिशन समन्वयक हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन छवि वैश्य ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही नशे से बच्चों को दूर रखने की अपील की गई।
संरक्षण अधिकारी रवि कुमार ने बाल श्रम, भिक्षावृत्ति एवं बाल विवाह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी देते हुए बताया कि जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए 1098 हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है। महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट और बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में वार्ड बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के कार्यों तथा मिशन वात्सल्य योजना के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ जिला प्रोबेशन कार्यालय के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है।
इस दौरान प्रधानाचार्य मो. वसीम, वार्ड सभासद, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, लेखपाल, एएनएम, आशा कार्यकत्री डोली, परामर्शदाता, डीएमसी एचईडब्लू छवि वैश्य, जेएस एचईडब्लू प्रीती चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता भमरपाल सिंह और संरक्षण अधिकारी रवि कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
