नया बदायूं, संवाददाता।
नशा मुक्त भारत अभियान 2026 के तहत राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं के कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा गुरुवार को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर गजेंद्र सिंह के निर्देशन एवं देखरेख में किया गया।
रैली का शुभारंभ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. शिव कुमार एवं कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्रोफेसर डॉ. श्रीनिवासन गांधी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान कॉलेज ऑफ नर्सिंग के सभी संकाय सदस्य, बीएससी नर्सिंग एवं पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जागरूकता रैली में करीब 200 छात्र-छात्राओं और 30 संकाय सदस्यों की सहभागिता रही। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नशे के दुष्प्रभावों, स्वस्थ जीवनशैली और नशा-मुक्त समाज के निर्माण को लेकर जागरूकता नारों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन अपनाना चाहिए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशा-मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लेते हुए समाज में नशा मुक्ति का संदेश प्रसारित किया तथा सभी प्रतिभागियों ने नशा-मुक्त भारत का संकल्प दोहराया।
