बदायूं संवाददाता।
बाल दिवस के अवसर पर शनिवार 14 नवंबर 2026 को अल्फारिया हॉस्पिटल में मेडिकल सर्विस सोसाइटी (एमएसएस) की ओर से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, अच्छे संस्कार और डिजिटल संसाधनों के सही इस्तेमाल को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय चिकित्सा परिषद के सदस्य डॉ. शकील अहमद अंसारी रहे।
कार्यक्रम में मौजूद डॉ. इत्तेहाद आलम ने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 14 नवंबर का दिन देश के भविष्य यानी बच्चों को समर्पित है। इसी दिन देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्म हुआ था। बच्चों के प्रति उनके विशेष प्रेम के कारण बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। नेहरू जी का मानना था कि आज के बच्चे ही कल के भारत का निर्माण करेंगे। बच्चे केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि देश की सबसे बड़ी ताकत हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. शकील अहमद अंसारी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल ज्ञान बढ़ाने के लिए करना चाहिए, न कि अपना कीमती समय बर्बाद करने के लिए। बच्चों को खेलकूद, किताबों और अच्छे संस्कारों को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों पर केवल अच्छे अंक लाने का दबाव न बनाएं, बल्कि उनकी रुचि और प्रतिभा को समझकर उनके सपनों को पूरा करने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि हर बच्चा खास होता है और प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है। जरूरत उस प्रतिभा को पहचानकर निखारने की है।
डॉ. संजीदा आलम ने बच्चों के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा के साथ सही मार्गदर्शन, अच्छे संस्कार और बेहतर आर्थिक योजना को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए परिवार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है कि उन्हें सही दिशा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराएं।
वहीं डॉ. महाराज ने बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को खाना खाने से पहले और बाहर से घर आने के बाद साबुन से कम से कम 20 सेकंड तक हाथ धोने की आदत डालनी चाहिए। गंभीर और रोकी जा सकने वाली बीमारियों से बचाव के लिए सभी जरूरी टीके समय पर लगवाना भी आवश्यक है। उन्होंने पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने के लिए फाइबर युक्त भोजन और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी। साथ ही प्रोबायोटिक्स का इस्तेमाल चिकित्सक की सलाह के अनुसार करने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में फरिया आलम ने कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया और कविता के माध्यम से कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
इस अवसर पर डॉ. विकास बघेल, सुबोध यादव, गौरव कुमार, आरिश अली, शिवम मौर्य, कंचन, हिना, जैद, शुजा, इसराइल अली, जावेद अख्तर, नौशाद, ओमप्रकाश, बच्चन अली खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया गया।
