नया बदायूं

बदायूं में एमएफ हाईवे पर ऑटो, बस व डीसीएम आपस में टकराये, एक की मौत

नया बदायूं। ब्योरो
जनपद बदायूं में बस, ऑटो व डीसीएम की टक्कर में ऑटो सवार युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद बस और डीसीएम चालक फरार हो गए, जबकि ऑटो चालक को मामूली चोट लगी है, जिसे अस्पताल भिजवाया गया है।

बदायूं के एमएफ हाईवे पर कुलचौक के पास हादसा
जनपद बदायूं में हादसा मुरादाबाद-फर्रूखाबाद हाईवे स्थित सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मानपुर कुलचौरा गांव के पास हुआ। अलापुर की ओर से प्राइवेट बस आ रही थी, जिसके पीछे ऑटो चल रहा था। ऑटो चालक ने बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी सामने से आ रही डीसीएम से पहले ऑटो और फिर बस टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे के बाद डीसीएम चालक और बस चालक मौके से फरार हो गए, जबकि ऑटो में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

मझिया के विमलेश की मौत
शुक्रवार को हादसे में ऑटो सवार सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मझिया गांव निवासी विमलेश 22 वर्ष पुत्र बाबूराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर विमलेश के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी। घायल ऑटो चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस फरार बस और डीसीएम चालक की तलाश में जुटी है। वहीं विमलेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया

Exit mobile version