नया बदायूं

आठ सूत्रीय मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन, 23 अक्टूबर को लखनऊ में महापड़ाव की चेतावनी

वजीरगंज, संवाददाता।

जनपद बदायूं के ब्लॉक वजीरगंज के अंतर्गत सीएचसी सैदपुर की आशा कार्यकर्ताओं ने आठ सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को विकासखंड कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन संबद्ध ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस (ऐक्टू) के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने बीसीपीएम रूपकिशोर और डॉ. इमरान मिर्जा को ज्ञापन दिया।

यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि 7 फरवरी 2026 को स्वास्थ्य मंत्री और यूनियन पदाधिकारियों के बीच हुई वार्ता में 13 सूत्रीय मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन उनके अनुसार सहमति के बावजूद मांगों को लागू करने के संबंध में अब तक ठोस शासनादेश या नियमावली जारी नहीं की गई है। इससे आशा कार्यकर्ताओं में नाराजगी बनी हुई है।

ज्ञापन में आशा कार्यकर्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और आठ सूत्रीय मांगों का उल्लेख करते हुए शासन स्तर से जल्द आदेश जारी कर उन्हें लागू करने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए उनकी लंबित मांगों का शीघ्र निस्तारण किया जाना चाहिए।

यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन की ओर से 23 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में महापड़ाव आयोजित किया जाएगा। उन्होंने शासन से वार्ता में बनी सहमति के अनुरूप मांगों को लागू करने की मांग की।

इस दौरान यूनियन अध्यक्ष आसमा वानो, सचिव सावित्री देवी, कोषाध्यक्ष गीता देवी, नीरज शर्मा, मधुबाला, अमरवती, मनोरमा, प्रीती, ममता, मितलेश, सिया देवी, राजकुमारी, गुलशन, अनीता और मुनीशा सहित अन्य आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Exit mobile version