नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं के वजीरगंज में ऊंचे ब्रेकर पर उछलकर गिरी आशा कार्यकर्ता, गंभीर रूप से घायल हो गई। वजीरगंज-गोवर्धन-भतरी मार्ग पर ग्राम करकटपुर के पास गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास के निकट बने ऊंचे ब्रेकर एक बार फिर हादसे का कारण बन गए।
बुधवार को एक महिला बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम करकटपुर निवासी 55 वर्षीय वेगवेटी जो आशा कार्यकर्ता हैं, वजीरगंज से अपने घर लौट रही थीं। वह बाइक पर पीछे बैठकर आ रही थीं। जैसे ही बाइक अंडरपास के पास बने ब्रेकर पर पहुंची, ब्रेकर अधिक ऊंचा होने के कारण महिला उछलकर सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को उपचार के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां इलाज किया गया।प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों का कहना है कि सड़क पर बनाए गए ऊंचे ब्रेकर दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते इन्हें मानकों के अनुसार नहीं बनाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीण राजवीर सिंह ने बताया कि कार्यदायी संस्था द्वारा सड़क पर अत्यधिक ऊंचे ब्रेकर बना दिए गए हैं, जिसके कारण आए दिन बाइक सवार असंतुलित होकर गिर रहे हैं और घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से ब्रेकरों को मानक के अनुरूप कराने की मांग की है।
