नया बदायूं विशेष संवाददाता। जिलाधिकारी के निर्देशन में आज सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत परिवहन विभाग ने जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 110 वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्री हरिओम ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 07 भारी वाहनों को ओवरलोडिंग के कारण सीज कर परिवहन कार्यालय में खड़ा कराया गया। इन वाहनों से कुल 2.5 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। इसके अतिरिक्त, 103 दो पहिया वाहनों का चालान काटा गया। इन वाहन स्वामियों पर बिना हेलमेट, गलत दिशा में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग जैसे गंभीर आरोप थे। अधिकारी ने जनसामान्य से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि एक छोटी सी लापरवाही परिवार की खुशियां छीन सकती है, अतः निर्धारित गति सीमा में और सुरक्षात्मक तरीके से ही वाहन चलाएं।
