नया बदायूं, संवाददाता।
कुंवर रुकुम सिंह वैदिक इंटर कॉलेज नगला पूर्वी में जनपदीय कला उत्सव का आयोजन किया गया। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने संगीत, गायन, वादन, नाटक, समूह नृत्य, दृश्य कला और चित्रकला सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक लालजी यादव ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति विद्यार्थियों के चिंतन, चरित्र और आचरण को पावन बनाने की आधारशिला हैं। इससे बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सृजनात्मक सोच विकसित होती है।
प्रधानाचार्य रजनीश कुमार ने कहा कि बच्चे देश की महाशक्ति हैं और उन्हें अपनी योग्यता व क्षमता बढ़ाकर राष्ट्र के लिए उपयोगी बनना चाहिए। विशिष्ट अतिथि स्काउट के जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि बच्चों में अद्भुत क्षमताएं हैं और हमारी सभ्यता, संस्कृति व संस्कार उन्हें सन्मार्ग दिखाते हैं।
नोडल अधिकारी आशुतोष की देखरेख में प्रतियोगिताएं हुईं। डॉ. सविता चौहान और सीमा चौहान ने निर्णायक की भूमिका निभाई। केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज ने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। पार्वती आर्य कन्या इंटर कॉलेज, श्री कृष्णा इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज सहित अन्य विद्यालयों के विजेता छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उमेश सिंह राठौर, मेघ सिंह, डालचंद, प्रमोद कुमार, ललित कुमार सिंह, दिवाकर, अनिल कुमार गुलाटी, मोहित कुमार, अनिल कुमार, हृदयेश भारद्वाज आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ. रामेश्वर दत्त मिश्र ने किया।
