नया बदायूं, संवाददाता।
शहर के मदर टेरेसा इंग्लिश स्कूल में फीस जमा कराने के बावजूद दोबारा फीस वसूलने का मामला सामने आया है। एक अभिभावक ने स्कूल प्रबंधन पर वित्तीय वर्ष 2025-26 की 4,950 रुपये फीस दोबारा वसूलने का आरोप लगाते हुए BSA से शिकायत की है। अभिभावक ने शिकायत के साथ पुरानी और नई फीस की रसीद भी उपलब्ध कराई है।
शहर के चित्रांश नगर निवासी अभिभावक राहुल के अनुसार उनका बच्चा मदर टेरेसा इंग्लिश स्कूल में कक्षा छह में पढ़ता था। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की 4,950 रुपये की फीस उन्होंने 15 मई को पूरी तरह जमा कर दी थी। फीस जमा करने के बाद स्कूल की ओर से उन्हें रसीद भी दी गई थी।
इसके बाद बच्चा कक्षा सात में पहुंच गया। राहुल के मुताबिक, जब वह कक्षा सात की फीस जमा करने स्कूल पहुंचे तो प्रबंधन की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 की 4,950 रुपये फीस बकाया बताकर फिर से जमा करने को कहा गया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को फीस पहले ही जमा किए जाने की जानकारी दी और रसीद होने की बात कही, लेकिन आरोप है कि रजिस्टर में भुगतान दर्ज नहीं होने की बात कहते हुए स्कूल प्रबंधन ने उनकी बात स्वीकार नहीं की।
दोबारा लिए 4950 रुपये
राहुल ने बताया कि मजबूरी में उन्होंने दोबारा 4,950 रुपये जमा कर दिए। बाद में घर पहुंचने पर उन्हें वित्तीय वर्ष 2025-26 में फीस जमा करने की पुरानी रसीद मिल गई। इसके बाद उन्होंने पुरानी और नई दोनों रसीदों के साथ BSA कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
स्कूल प्रबंधक ने स्टाफ की गलती बताई
मदर टेरेसा इंग्लिश स्कूल के प्रबंधक गोपीकृष्ण ने बताया कि जिन अभिभावकों की फीस जमा नहीं हुई है, उन्हीं से फीस ली जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में स्टाफ की ओर से गड़बड़ी हुई है।
BSA ने जांच कराने की बात कही
BSA नवीन कुमार ने बताया कि इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। स्कूल प्रबंधक को नोटिस भेजकर मामले में जवाब मांगा जाएगा। जवाब और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Discussion about this post