बदायूं संवाददाता।
पुलिस स्मृति दिवस एवं राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं में बलवा मॉकड्रिल का अभ्यास किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में आयोजित अभ्यास का नेतृत्व सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव ने किया।

शुक्रवार को बलवा मॉकड्रिल में महिला पुलिसकर्मियों सहित पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान दंगा नियंत्रण, भीड़ को नियंत्रित करने, उपद्रवी तत्वों से निपटने, लाठीचार्ज, आंसू गैस के प्रयोग और सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल का अभ्यास किया गया।

अभ्यास के माध्यम से पुलिसकर्मियों को आपातकालीन एवं विषम परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने, आपसी समन्वय बनाए रखने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रशिक्षण दिया गया। इसका उद्देश्य कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस बल को तैयार करना है।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, महिला थाना प्रभारी ज्योति सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बदायूं पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है।

Discussion about this post