नया बदायूं

सड़कों की बदहाली पर फूटा गुस्सा, विधायक ने रोका कैबिनेट मंत्री का काफिला

नया बदायूं लखनऊ ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में विकास कार्यों की अनदेखी को लेकर बड़ा हंगामा हुआ। चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने लगभग 100 ग्राम प्रधानों के साथ मिलकर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोक दिया। यह घटना तब हुई जब मंत्री अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा आयोजित युवा उद्घोष कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। प्रदर्शन का मुख्य कारण जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की मरम्मत न होना है। विधायक का आरोप है कि पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कें तो खोदी गईं, लेकिन उन्हें वापस ठीक नहीं किया गया। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर विधायक ने सड़क पर उतरकर मोर्चा खोला। काफिला रोकने के दौरान मंत्री के सुरक्षाकर्मियों और विधायक समर्थकों के बीच जमकर बहस और हाथापाई हुई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही सीओ सदर और कोतवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। विधायक ने साफ कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। हंगामे के बाद प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सड़कों की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।

Exit mobile version