नया बदायूं

गिंदो देवी महिला महाविद्यालय में डॉ. उर्मिलेश शंखधार अमृत महोत्सव का आयोजन

नया बदायूं, संवाददाता।

गिंदो देवी महिला महाविद्यालय में प्रसिद्ध गीतकार, कवि एवं शिक्षक डॉ. उर्मिलेश शंखधार के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर इंदु शर्मा ने की।

कार्यक्रम में छात्राओं ने डॉ. उर्मिलेश शंखधार की कविताओं का सस्वर एवं काव्यमय पाठ किया। छात्राओं मुस्कान, पायल, प्रतिज्ञा, महविश और हिना ने उनकी रचनाओं की प्रस्तुति देकर सभी को प्रभावित किया।
डॉ. उमा सिंह गौर ने डॉ. शंखधार के साहित्यिक योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि उनकी रचनाओं में जीवन के विविध अनुभवों के साथ मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक सरोकारों की सशक्त अभिव्यक्ति दिखाई देती है। चीफ प्रॉक्टर डॉ. सरला चक्रवर्ती ने कहा कि उनकी सहज भाषा और प्रभावशाली भावाभिव्यक्ति उनकी रचनात्मकता की विशेषता है। उनकी कविताएं जीवन, समाज और मानवीय रिश्तों के विभिन्न पक्षों को स्पर्श करती हैं।
प्राचार्या प्रोफेसर इंदु शर्मा ने कहा कि साहित्य समाज को संवेदनशील बनाने और नई पीढ़ी को जीवन-मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने डॉ. शंखधार के साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घ साहित्यिक जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में साहित्यिक परिचर्चा भी हुई। संचालन डॉ. निशा साहू ने किया। शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Exit mobile version