नया बदायूं

बारिश के बीच आबिद रजा ने किया दलित सम्मेलन, बोले- दलित-मुस्लिम एकजुटता से मजबूत होगा PDA

नया बदायूं, संवाददाता।

पीडीए के आह्वान और अखिलेश यादव के निर्देश पर पूर्व मंत्री आबिद रजा ने शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र और बदायूं शहर के दलित समाज का सम्मेलन आयोजित किया। भारी बारिश के बावजूद सम्मेलन में जाटव, वाल्मीकि और गाडगे समाज के लोगों सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत आबिद रजा ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की। दलित समाज के लोगों ने बड़ी माला पहनाकर उनका स्वागत किया, जबकि गाडगे समाज के नेताओं ने पगड़ी पहनाकर सम्मान किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए आबिद रजा ने कहा कि देश, प्रदेश और जिले में दलित और मुस्लिम समाज की स्थिति चिंताजनक है। दोनों समाज की अनदेखी करके सियासत अधूरी है। उन्होंने कहा कि दलित समाज को जागरूक और एकजुट होना होगा।

आबिद रजा ने कहा कि जिस तरह हिंदू और मुस्लिम समाज को मिलकर ‘हम’ बनाना होगा, उसी तरह दलित समाज का ‘द’ और मुस्लिम समाज का ‘म’ मिलकर ‘दम’ बनाना होगा। उन्होंने कहा कि मजबूत दलित-मुस्लिम एकजुटता PDA को और मजबूत करेगी।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से वह दलित समाज से दोस्ती का हाथ बढ़ाना चाहते हैं। जिले में दलित समाज के किसी भी व्यक्ति के उत्पीड़न की स्थिति में वह उनके साथ खड़े रहेंगे। आबिद रजा ने दावा किया कि PDA की मजबूती के आधार पर 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होगा।

सम्मेलन में हरिओम सागर, हेतराम सागर, मुरारी सागर, चरण सिंह सागर, सुरेश सिंह सागर, डॉ. राजेंद्र सागर, राजेंद्र दिवाकर, वेदप्रकाश दिवाकर, सिद्धार्थ वाल्मीकि, रमेश डी लाल, प्रवेश दिवाकर, गिरीश सोनकर, जसवीर सोनकर, अनिल सागर, जगदीश सागर, हीरालाल सागर, श्याम सिंह सागर सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version