नया बदायूं, संवाददाता।
14 अप्रैल को मनाई जाने वाली डॉ. भीमराव आंबेड़कर जयंती के अवसर पर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को डीएम ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं। वहीं सभी संबंधित विभागों को सतर्क एवं सक्रिय रहने के लिए कहा है। शहर में शोभायात्रा निकाली जायेगी। इसलिए मजिस्ट्रेट अफसर तैनात किये हैं।
शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार एसडीएम सदर मोहित कुमार शोभायात्रा के आगे, तहसीलदार सदर दीपक कुमार शोभायात्रा के मध्य एवं नायब तहसीलदार अमित कुमार शोभायात्रा के रहकर दायित्वों का निर्वहन करेंगे। शोभायात्रा डॉ. भीमराव आंबेड़कर पार्क से प्रारम्भ होकर लावेला चौक, दिनेश चौक, रजी चौक, जफा की कोठी, शहवाजपुर, टिकटगंज चौराहा, शास्त्री चौक, खैराती चौक, नेहरू चौक, गोपी चौकी, लोटनपुरा तिराहा, प्रकाश टाकीज, जोगीपुरा गुरुद्वारा, छह सड़का, तोताराम मार्केट होते हुए गांधी ग्राउंड पहुंचेगी। उन्होंने निर्देश दिए कि शोभायात्रा मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी।
