बदायूं संवाददाता।
शहर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में जिम करने गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक की मां शंकुतला ने जिम में मौजूद लोगों और 12 अज्ञात युवकों पर बेटे को अंदर बंद कर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। मां का दावा है कि मारपीट के चलते उनके बेटे की मौत हुई है। उन्होंने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने और कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र के मुताबिक, मोहल्ला नेकपुर की गली नंबर पांच निवासी शंकुतला का बेटा सोनू 18 नवंबर 2026 की रात करीब नौ बजे नेकपुर की गली नंबर तीन स्थित जिम में कसरत के संबंध में पूछताछ करने गया था। आरोप है कि वहां कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। इसके बाद सभी ने एकराय होकर सोनू को जबरन जिम के अंदर खींच लिया और शटर बंद कर उसकी बेरहमी से पिटाई की।
मां के अनुसार, घटना की जानकारी सिकंदर और सुंदर ने उन्हें दी। इसके बाद परिवार के लोग जिम पहुंचे, लेकिन तब तक जिम बंद हो चुका था और सोनू का कोई पता नहीं चल रहा था।

प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि रात करीब 10:30 बजे सोनू के मोबाइल पर फोन किया गया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को दरोगा बताते हुए जानकारी दी कि सोनू मेडिकल कॉलेज में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो वहां सोनू नहीं मिला। दोबारा फोन करने पर उसे सरकारी अस्पताल बदायूं में देखने की बात कही गई। परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया।
मां का आरोप है कि सोनू के सिर, हाथ और जांघ पर गंभीर चोटों के निशान थे। उन्होंने जिम में मौजूद लोगों पर बेटे की मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।

पीड़िता का कहना है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने वह थाना सिविल लाइंस पहुंचीं, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद उन्होंने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि और जांच का इंतजार है। पुलिस जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों और घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Discussion about this post