नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद की ग्राम पंचायत आमगांव, ब्लॉक जगत स्थित गोशाला में अव्यवस्थाओं और गोवंशों की मौत का मामला सामने आया है। इस संबंध में गांव निवासी गगन पटेल ने खंड विकास अधिकारी को शिकायती पत्र देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार मंगलवार को उन्हें फोन के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम पंचायत की गोशाला में कई गोवंशों की मौत हो चुकी है। सूचना मिलने पर जब वह गोशाला पहुंचे तो वहां कार्यरत कर्मचारियों से जानकारी ली। कर्मचारियों ने बताया कि गोशाला में वर्तमान में लगभग 35 गोवंश हैं, जबकि कुछ समय पहले यहां संख्या अधिक थी। शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि पिछले वर्ष से लगातार गोवंशों की मौत हो रही है। साथ ही गोशाला में गोवंशों को पर्याप्त चारा नहीं मिल पा रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि गोशाला में चोकर उपलब्ध होने के बावजूद उसका स्टॉक समाप्त बताया जा रहा है और गोवंश केवल पानी पीकर गुजारा करने को मजबूर हैं। उन्होंने कुछ गोवंशों के कमजोर होकर गिरने की बात भी कही है। ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर गोशाला में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा यदि अनियमितताएं पाई जाएं तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक संबंधित अधिकारियों का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका था। जांच के बाद ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
