नया बदायूं

कांवड़ियों पर ई-रिक्शा चढ़ने का आरोप, तीन घायल, हाईवे पर लगाया जाम

नया बदायूं, संवाददाता।

थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर बीआरवी विद्यालय के निकट शनिवार तड़के उस समय हंगामा हो गया, जब कछला से जल भरकर थाना खुदागंज, शाहजहांपुर जा रहे कांवड़ियों ने हाईवे पर जाम लगा दिया।


बताया जा रहा है कि बीती रात कांवड़ियों का जत्था कुछ देर विश्राम करने के लिए बरेली रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के निकट रुका था। आरोप है कि इसी दौरान एक ई-रिक्शा चालक ने सो रहे कांवड़ियों के ऊपर ई-रिक्शा चढ़ा दिया। हादसे में तीन कांवड़िए घायल हो गए।
घटना के बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने ई-रिक्शा में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कांवड़ियों को समझाकर शांत कराया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को हिरासत में लिया।


कांवड़ियों का आरोप है कि पुलिस द्वारा चालक को कुछ समय बाद छोड़ दिया गया, जिससे वे आक्रोशित हो गए। शनिवार सुबह कांवड़ियों ने घटनास्थल के निकट बरेली-मथुरा हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कांवड़ियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारु कराया गया।


घायल कांवड़ियों को बेहतर उपचार के लिए बरेली भेजे जाने की जानकारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version