नया बदायूं, संवाददाता।
ककराला में जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद सामने आया है। थाना अलापुर क्षेत्र के शरफ आलम पुत्र हबीब अहमद और शमशुल पुत्र फारुख अहमद ने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनके निजी कब्रिस्तान से सटे घेर और खाली प्लाट पर कुछ लोग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रार्थना पत्र के अनुसार निजी कब्रिस्तान गाटा संख्या 1870 में स्थित है। इसके बराबर में घेर और खाली प्लाट है, जिसकी चारदीवारी बनी हुई है। प्रार्थियों ने कब्रिस्तान में अंग्रेजों के समय का पुराना कुआं होने का भी दावा किया है। वहीं, पश्चिमी हिस्से में ग्राम सभा की भूमि गाटा संख्या 1868 और 1869 स्थित होने की बात कही गई है।
आरोप है कि रेहान खां, रहीसुल और फैसल खां घेर व खाली प्लाट पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रार्थियों ने संबंधित लोगों को स्थानीय पुलिस का संरक्षण मिलने का भी आरोप लगाया है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
प्रार्थियों ने अधिकारियों से गाटा संख्या 1870 समेत संबंधित भूमि की राजस्व अभिलेखों के आधार पर पैमाइश और सीमांकन कराने तथा कब्जे की कोशिश रोकने की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
