नया बदायूं

मुख्यमंत्री से मिले मुख्य सूचना आयुक्त राज कुमार विश्वकर्मा समेत सभी सूचना आयुक्त

नया बदायूं लखनऊ। राज्य ब्यूरो

उत्तर प्रदेश के मुख्य सूचना आयुक्त राज कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में सभी राज्य सूचना आयुक्तों ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। इस दौरान बदायूं निवासी राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता भी मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने मुख्य सूचना आयुक्त सहित सभी सूचना आयुक्तों से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

बैठक में सूचना के अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, सूचना आयोग की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों के निस्तारण और जनहित से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श हुआ। राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता ने भी कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए और आयोग के कामकाज से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सूचना आयोग द्वारा पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सूचना का अधिकार आम नागरिकों को शासन-प्रशासन से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन से शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूती मिलती है।
मुख्यमंत्री ने सूचना आयुक्तों के साथ आयोग की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने तथा आमजन को समयबद्ध तरीके से सूचना उपलब्ध कराने सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। बैठक में मुख्य सूचना आयुक्त राज कुमार विश्वकर्मा, राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता समेत सभी सूचना आयुक्तों ने आयोग के कार्यों और अनुभवों को मुख्यमंत्री के साथ साझा किया।
बदायूं निवासी राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता की मुख्यमंत्री के साथ इस महत्वपूर्ण बैठक में सहभागिता को जिले के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा के दौरान सूचना आयोग की भूमिका को और प्रभावी बनाने तथा जनहित में पारदर्शी व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

Exit mobile version