नया बदायूं

आगरा में अखिलेश यादव का दलित सम्मेलन, बोले- 2027 में भाजपा को हराने के लिए पीडीए एकजुट

 

आगरा। राज्य ब्यूरो लखनऊ

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा में राज्यसभा सदस्य रामजी लाल सुमन द्वारा आयोजित विशाल दलित सम्मेलन को संबोधित किया। सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग शामिल हुए। अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा से पीडीए आंदोलन की शुरुआत हो रही है। पीडीए में डी का मतलब दमदार दलित है। उन्होंने दावा किया कि दलित समाज की एकजुटता से 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को चुनौती मिलेगी।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने और चुनाव में बेईमानी के प्रयास का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में अपने वोट की निगरानी करें, क्योंकि वोट का अधिकार सुरक्षित रहेगा तभी संविधान और लोगों के हक-अधिकार सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने नारा दिया कि वोट बचाओ, संविधान बचाओ।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में दलितों का उत्पीड़न बढ़ा है और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि संविधान ही सम्मान, अधिकार और लोकतंत्र की गारंटी है। भाजपा संविधान को कमजोर करना चाहती है।

सपा अध्यक्ष ने पेपर लीक, बेरोजगारी, सरकारी स्कूल बंद होने और आरक्षण के मुद्दे पर भी प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में 26 हजार से अधिक प्राथमिक विद्यालय बंद किए गए हैं और युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर खाली सरकारी पद भरे जाएंगे, आरक्षण के अनुसार नियुक्तियां होंगी और 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को उनका हक दिलाया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कानून का राज स्थापित होगा। दलितों, पिछड़ों, मजदूरों और किसानों को न्याय मिलेगा। एससी-एसटी समाज के लिए विशेष पैकेज दिया जाएगा तथा किसानों को फसलों का उचित मूल्य और समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने आगरा में मेट्रो, इनर रिंग रोड और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार ने क्षेत्र के विकास के लिए काम किया था।

सम्मेलन में सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि पीडीए की एकजुटता से भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कुछ लोगों और संगठनों के माध्यम से पीडीए समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील की।

सम्मेलन के संयोजक एवं राज्यसभा सदस्य रामजी लाल सुमन ने कहा कि आगरा दलित चेतना का केंद्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस की विचारधारा दलित विरोधी रही है। बाबा साहब आंबेडकर और भगवान गौतम बुद्ध की मूर्तियों को तोड़ना एक विचारधारा पर हमला है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में उमड़ी भीड़ दलित समाज की राजनीतिक जागरूकता को दर्शाती है।

कार्यक्रम को अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद, मोहनलालगंज के सांसद आरके चौधरी, रामपुर के सांसद मौलाना मोहिबुल्ला नदवी, विधायक मनोज पारस और विधायक डॉ. रागिनी सोनकर सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। इस दौरान फिरोजाबाद के पूर्व मेयर प्रत्याशी राजेंद्र सिंह राठौर और बालयोगी ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

Exit mobile version