नया बदायूं

अखिलेश यादव का धूमधाम से मनाया जन्मदिन, सपाई बोले हमसब मिलकर मेहनत करेंगे और गिफ्ट के रूप में 2027 में बनायेंगे सपा की सरकार

नया बदायूं, संवाददाता।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन आज देश भर में कार्यकर्ताओं द्वारा बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में बदायूं में भी सपा कार्यकर्ताओं का भारी उत्साह देखने को मिला, जहां केक काटकर और पौधरोपण का संकल्प लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष की लंबी उम्र की कामना की गई।

बदायूं में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन बेहद धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं और बड़े नेताओं का जमावड़ा लगा रहा। सपा नेताओं ने केक काटकर अपने नेता को जन्मदिन की बधाई दी और साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए भारी संख्या में पौधरोपण करने का संकल्प भी लिया। सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने कहा कि आज हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन है। हम सब कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया है कि हम मिलकर मेहनत करेंगे और साल 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए उनके जन्मदिन का इससे बड़ा और कोई उपहार नहीं हो सकता। कार्यक्रम के दौरान केवल जश्न ही नहीं मना, बल्कि आने वाले चुनावों को लेकर रणनीति भी तैयार की गई। कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ सपा नेता फखरे अहमद शोबी ने नवनियुक्त सपा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष वैभव उपाध्याय और नरोत्तम सिंह यादव का फूल-माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए चुनावी तैयारियों में जुटने का मंत्र दिया। फखरे अहमद शोबी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई लेकिन असली काम अब शुरू होता है। मैं सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे अपने-अपने बूथ की वोटर लिस्ट पर गंभीरता से काम करें। हमारा बूथ मजबूत होगा, तभी हम बड़ी जीत हासिल कर पाएंगे। हर कार्यकर्ता को अपने बूथ पर पूरी मेहनत से जुट जाना है। अखिलेश यादव के जन्मदिन पर बदायूं सपा का यह जोश साफ तौर पर बयां कर रहा है कि कार्यकर्ता अभी से आगामी मिशन 2027 की तैयारियों में पूरी ताकत से जुट गए हैं।

Exit mobile version