नया बदायूं, संवाददाता।
आगामी सावन महीने और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में डीएम अवनीश राय एवं एसएसपी अंकिता शर्मा ने थाना दातागंज क्षेत्र के बेलाडांडी घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूर्ण की जाएं।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से घाट पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और चिकित्सा सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए ठोस योजना बनाने को कहा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहेगा। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस मौके पर एडीएम प्रशासन अरुण कुमार, क्षेत्राधिकारी दातागंज आशेषनाथ सिंह, थाना प्रभारी दातागंज वेदपाल सिंह सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।
