नया बदायूं

एडीजी कानपुर ने महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर की बैठक

नया बदायूं, संवाददाता। लखनऊ ब्यूरो

उत्तर प्रदेश के कानपुर की एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा जोनल कार्यालय में कानपुर जोन के सभी जनपद प्रभारियों के साथ अपराध/कानून-व्यवस्था, अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं के सम्बन्ध में समीक्षा गोष्ठी की गयी। जिसमें बेहतर पुलिसिंग और बेहतर कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए और सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को लागू करने को लेकर जोर दिया गया की सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को शतप्रतिशत लागू कर अपराध मुक्त माहौल कायम किया जाए।

समीक्षा गोष्ठी में एडीजी कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ महिला संबंधी अपराधों की प्रभावी रोकथाम, आगामी चुनावों की तैयारियों, साइबर अपराधों पर नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, ऑपरेशन कन्विक्शन की प्रगति, वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही तथा साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता अभियान की समीक्षा की गयी। समीक्षा गोष्ठी के दौरान निर्देशित किया गया कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने, महिला सुरक्षा एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, जनसुनवाई एवं शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता में निरंतर सुधार करने तथा साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने को विशेष अभियान चलाए जाएं। साथ ही आगामी चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा गोष्ठी में आकाश कुलहरि, पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र, झांसी एवं यमुना प्रसाद, पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Exit mobile version