नया बदायूं

बदायूं में आचार्य अभ्यास वर्ग संपन्न, शिक्षकों को दिया गया नवीन शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण

नया बदायूं, संवाददाता।

बदायूं शहर के मीरा चौकी स्थित श्रीराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित बदायूं संकुल का आचार्य अभ्यास वर्ग उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अलीगढ़ संभाग के जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह, बाल कल्याण समिति बदायूं के मंत्री मनीष सिंघल, शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर के प्रबंधक वीरेंद्र पाल झा, श्रीराम सरस्वती विद्या मंदिर के प्रबंधक ओमप्रकाश वैश्य एवं संकुल प्रमुख सतीश कुमार गंगवार ने दीप प्रज्वलन कर किया।

इस अवसर पर प्रशिक्षक लखन पटेल, श्रीकृष्ण वर्मा, प्रभाकर सक्सेना, सुरेश पाल, सुरेश यादव तथा प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने पुष्पार्चन किया। प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।

कई विषयों पर किया मार्गदर्शन
अभ्यास वर्ग में जिले के विभिन्न सरस्वती शिशु मंदिरों के आचार्यों ने भाग लेकर नवीन शिक्षण पद्धतियों, संस्कारमूलक शिक्षा तथा विद्यालयी कार्यों के प्रभावी संचालन का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षकों ने भारतीय शिक्षा दर्शन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, बालक-केंद्रित शिक्षण, कक्षा प्रबंधन, मूल्यपरक शिक्षा, व्यक्तित्व विकास एवं विद्यालयों में संस्कार निर्माण जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

छात्रों के प्रति हो समर्पण
कार्यक्रम में जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह ने कहा कि आचार्य केवल ज्ञान के प्रदाता ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के भावी नागरिकों के चरित्र निर्माण के प्रमुख शिल्पी होते हैं। उनका आचरण, अनुशासन और समर्पण विद्यार्थियों के जीवन पर स्थायी प्रभाव डालता है।

व्यवहारिक सत्रों का आयोजन
अभ्यास वर्ग के दौरान योग, समूह चर्चा, शिक्षण प्रदर्शन एवं व्यवहारिक सत्रों का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से आचार्यों ने अपने अनुभव साझा किए और विद्यालयों में नवाचारपूर्ण शिक्षण विधियों को अपनाने का संकल्प लिया।

छात्रों के सर्वाधिक विकास की बात
समापन सत्र में वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण वर्ग शिक्षकों की दक्षता, कार्यकुशलता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ भारतीय संस्कृति पर आधारित शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी आचार्यों ने राष्ट्र निर्माण, संस्कारयुक्त शिक्षा और उत्कृष्ट शैक्षिक वातावरण के निर्माण के लिए पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

यह रहे मौजूद
इस अवसर पर सुशील कुमार, मुकेश कुमार शर्मा, संजीव कुमार, सुबोध शर्मा, अनूप कुमार शर्मा, रविंद्र पाल सिंह, कमलेश कुमार सहित समस्त प्रधानाचार्य एवं आचार्य परिवार उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने किया।

Exit mobile version