बदायूं संवाददाता।
बदायूं में सोशल मीडिया पर बदायूं की महिलाओं और लड़कियों को लेकर अमर्यादित रील प्रसारित करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की रील को लेकर महिलाओं में नाराजगी है। इस मामले में विश्व हिंदू महासंघ मातृशक्ति प्रकोष्ठ ने विरोध प्रदर्शन कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
मंडल प्रभारी प्रिंस देव शर्मा और जिला अध्यक्ष अंकित सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया। मातृशक्ति प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष नीरू शर्मा ने थाना सिविल लाइंस में शिकायती पत्र देकर सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर विवेक कुमार यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया अकाउंट से ‘एक कचौड़ी, दो समोसा’ जैसी पंक्तियों के साथ बदायूं की लड़कियों और महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। एक अन्य वीडियो में भी महिलाओं को लेकर अमर्यादित भाषा और गोली मरवाने जैसी धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
मामले को लेकर उठ रहे सवालों में यह भी शामिल है कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पुलिस अधिकारियों और नेताओं के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें अपने अकाउंट पर अपलोड कर रहे हैं। ऐसे में उनके द्वारा महिलाओं को लेकर इस तरह की रील बनाए जाने पर लोगों ने नाराजगी जताई है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के नाम पर महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले कंटेंट को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं। एसएसपी अंकिता शर्मा इस मामले में क्या कदम उठाती हैं, यह देखना होगा। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्ष का जवाब और पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई सामने आना बाकी है।
