बदायूं/कुंवरगांव, संवाददाता।
थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव बल्लिया में एक युवती की कथित हत्या कर शव को जलाकर अवशेष ठिकाने लगाने का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में गांव के ही नन्हें उर्फ राहुल समेत कुछ अन्य लोगों पर युवती की हत्या किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
नोएडा से लाया था युवती
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नन्हें उर्फ राहुल कुछ वर्षों पहले नोएडा से जूली नाम की युवती को प्रेमजाल में फंसाकर गांव बल्लिया लेकर आया था और उसे अपने साथ रख रहा था। आरोप है कि इसी दौरान जूली गर्भवती हो गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक गर्भवती होने की जानकारी के बाद दोनों के बीच कई बार विवाद और मारपीट हुई तथा जूली ने कथित रूप से कई बार डायल 112 पर पुलिस को सूचना भी दी थी।
हत्या कर जलाया था शव
शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि इसके बाद नन्हें उर्फ राहुल ने अपने सहयोगियों वीरेश, मोहित, अनिल और बेबी की मदद से जूली की कथित रूप से हत्या कर दी और रात के समय गांव में ही शव को जला दिया गया। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि शव के अवशेष और राख भी ठिकाने लगा दी गई। हालांकि इन गंभीर आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हुई है।
ग्रामीणों को धमकाया
शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि घटना की जानकारी रखने वाले कुछ ग्रामीणों को डराया-धमकाया गया और विरोध करने पर फर्जी दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। शिकायत में मचलू, विद्या समेत गांव के अन्य लोगों के पास घटना से संबंधित जानकारी होने का दावा किया गया है।
पहले भी आईजीआरएस पर की गई थी शिकायत
शिकायतकर्ता के अनुसार उसने इस प्रकरण की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई (आईजीआरएस) पोर्टल के माध्यम से 30 जुलाई 2026 को कुंवरगांव पुलिस को दी थी। आरोप है कि पुलिस ने मौके पर विस्तृत जांच किए बिना ही रिपोर्ट लगाकर शिकायत का निस्तारण कर दिया। शिकायतकर्ता ने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सीओ सिटी स्तर से जांच शुरू
मामले में आईजीआरएस शिकायत का संतोषजनक निस्तारण नहीं होने के कारण शिकायत डिफाल्टर श्रेणी में आने की बात सामने आई है। संतोषजनक रिपोर्ट न लगने के बाद अब मामले की जांच सीओ सिटी कार्यालय स्तर से शुरू की गई है। शिकायतकर्ता के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं। अब सीओ सिटी स्तर से होने वाली जांच में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता, युवती की पहचान और उसके साथ हुई कथित घटना समेत अन्य बिंदुओं की जांच की जाएगी।
जांच में निकलेगा सच
पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए हत्या और शव जलाने के आरोपों में कितनी सच्चाई है। मामले की जांच शुरू होने के बाद कुंवरगांव पुलिस की पिछली कार्रवाई भी जांच के दायरे में आने की संभावना है।
