नया बदायूं

आबिद रज़ा ने पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा को लिखा पत्र, बदायूं में महापुरुषों के नाम पर मार्ग, चौक और द्वार बनाने की मांग

 

बदायूं संवाददाता।

पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने नगर पालिका परिषद की चेयरमैन फात्मा रज़ा को पत्र लिखकर बदायूं शहर के विभिन्न मार्गों, चौराहों और द्वारों का नामकरण महापुरुषों एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों के नाम पर कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बदायूं की जनता की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए धार्मिक, राजनीतिक, सामाजिक, चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले दिवंगत महापुरुषों को सम्मान दिया जाना चाहिए।

आबिद रज़ा ने अपने प्रस्ताव में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित विभिन्न समाजों और समुदायों के महापुरुषों को शामिल किया है। उन्होंने इंदिरा चौक से वजीरगंज तिराहे तक सरदार वल्लभभाई पटेल मार्ग, लोटनपुरा मोड़ से वाल्मीकि स्कूल तक महर्षि वाल्मीकि मार्ग, गुरुद्वारा जोगीपुरा से लावेला चौक तक गुरु नानक देव मार्ग तथा लालपुल से कचहरी मार्ग तक मुलायम सिंह यादव मार्ग नामकरण का प्रस्ताव दिया है।

इसके अलावा लावेला चौक से कचहरी तक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग, मढ़ई चौक से शास्त्री चौक तक कृष्ण स्वरूप मार्ग, कोतवाली से होली चौक तक पद्मभूषण गुलाम मुस्तफा मार्ग, ओवरब्रिज तिराहे से डीएम चौराहे तक डॉ. मुकेश जौहरी मार्ग और सुभाष चौक से पार्वती कन्या इंटर कॉलेज तक चित्रगुप्त मार्ग बनाने की मांग की है।

पत्र में ऑडिटोरियम का नाम विख्यात कवि उर्मिलेश शकील के नाम पर रखने, इंदिरा चौक से रेलवे स्टेशन तिराहे तक डॉ. विलियम बटलर मार्ग, पथिक चौक से मीराजी की चौकी तक प्रकाशी मार्ग, घंटाघर से शकील पार्क तक डॉ. हफीज मार्ग और जुम्मी चौक से घंटाघर तक मौलवी यूनुस अली मार्ग बनाने का प्रस्ताव भी शामिल है।

इसी क्रम में फखरे आलम मार्ग, असरार साहब मार्ग और एकलव्य मार्ग सहित अन्य नामकरण के प्रस्ताव रखे गए हैं। इसके साथ ही लालपुल पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मीराजी की चौकी पर संत गाडगे की प्रतिमा स्थापित कराने तथा गांधी ग्राउंड के उत्तरी गेट पर श्यामलाल गेट और पूर्वी गेट पर शब्बीर गेट का पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई है।

पूर्व मंत्री ने पालिकाध्यक्ष से सभी प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। इस पहल के माध्यम से आबिद रज़ा ने शहर के विभिन्न समाजों के महापुरुषों को समान सम्मान देने और सामाजिक सौहार्द का संदेश देने का प्रयास किया है।

Exit mobile version