नया बदायूं

यादवों बाहुल्य इलाके के बुर्रा मंदिर पर आबिद रजा ने मनाया सपा मुखिया अखिलेश यादव का जन्मदिन

नया बदायूं, संवाददाता।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री आबिद रजा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन इस बार पारंपरिक राजनीतिक आयोजनों से अलग हटकर एक अनोखे और सामाजिक संदेश से भरपूर अंदाज में मनाया। शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के यादव बाहुल्य गांव बुर्रा स्थित प्राचीन मंदिर परिसर में आयोजित इस भव्य समारोह ने राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम में सर्वसमाज की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली और सामाजिक समरसता, भाईचारे तथा सौहार्द का संदेश प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया। समारोह की शुरुआत मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्व मंत्री आबिद रजा का तिलक कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर आबिद रजा ने मंदिर के पुजारियों को वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसके बाद अखिलेश यादव के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए प्रदेश में खुशहाली, शांति और विकास की कामना की। कार्यक्रम में सामूहिक भोज रहा, जिसमें करीब एक हजार लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। आयोजन में विभिन्न जातियों और समुदायों के लोगों की सहभागिता ने सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का उदाहरण प्रस्तुत किया। उपस्थित लोगों ने इसे केवल राजनीतिक कार्यक्रम न मानकर सामाजिक सद्भाव और सर्वधर्म समभाव का प्रतीक बताया।

इस दौरान पूर्व मंत्री आबिद रजा ने कहा कि समाजवादी विचारधारा हमेशा सभी वर्गों और समुदायों को साथ लेकर चलने की रही है। उन्होंने कहा कि आज समय की आवश्यकता है कि समाज के सभी वर्ग आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट हों और सामाजिक न्याय तथा समानता की भावना को मजबूत करें। उन्होंने विशेष रूप से यादव और मुस्लिम समाज से अपील करते हुए कहा कि अब अपने राजनीतिक परिवार का दायरा और व्यापक बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केवल दो समुदायों के सहयोग से नहीं, बल्कि दलित, पिछड़े, पाल, लोधी, कुर्मी तथा अन्य सभी जातियों को साथ लेकर ही पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की अवधारणा को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान और भागीदारी दिलाना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी। आबिद रजा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि सभी वर्ग एकजुट होकर समाजवादी पार्टी का साथ देंगे तो प्रदेश में फिर से अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश में विकास, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई गति मिलेगी तथा समाज में व्याप्त वैमनस्य और नफरत की राजनीति का अंत होगा। कार्यक्रम के आयोजक अजयपाल सिंह यादव, जवाहर सिंह यादव (एडवोकेट), विनोद यादव, रोहिताश यादव प्रधान, धूम सिंह यादव, रिजवान, उदयपाल सिंह, रजत यादव, लालू यादव, अनिल यादव, प्रिंस यादव, आदेश यादव, रामकिशन पाल वीरपाल सिंह, शैलेन्द्र यादव, सतीश यादव, राजीव यादव, राजवीर यादव, आशीष यादव, रिंकू यादव, हर्षित यादव, अंकित यादव, विजय सिंह, मिस्टर सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भानू यादव द्वारा किया गया।

Exit mobile version