बदायूं, संवाददाता।
बदायूं शहर में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर शहर के आरिफपुर नवादा स्थित वाल्मीकि मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पूर्व मंत्री आबिद रजा और नगर पालिका परिषद की चेयरमैन फात्मा रजा ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। इस दौरान वाल्मीकि समाज के लोगों ने दोनों अतिथियों का पगड़ी पहनाकर और फूलमालाओं से स्वागत किया।
शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां और डीजे लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। नगर पालिका की ओर से शोभायात्रा मार्ग पर मैटिंग बिछाने की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री आबिद रजा ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन समाज के प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में सद्भाव, भाईचारे और अच्छे संस्कारों को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने वाल्मीकि समाज के लोगों की बहादुरी और वफादारी का भी उल्लेख किया तथा सभी को जयंती की मुबारकबाद दी।
इस दौरान आबिद रजा ने चेयरमैन फात्मा रजा से दीपावली के अवसर पर सफाई कर्मचारियों को बोनस देने का आग्रह किया। चेयरमैन ने उनके आग्रह को स्वीकार कर लिया। इससे सफाई कर्मचारियों को दीपावली पर बोनस मिलने की उम्मीद जगी।
चेयरमैन फात्मा रजा ने कहा कि वाल्मीकि समाज ने हमेशा उनका साथ दिया है। उनके चेयरमैन रहते हुए समाज के लोगों ने उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी। उन्होंने समाज के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। आयोजन के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सभासद अनवर खां, नवेद, गिरीश शुक्ला, सुरजीत, मोहत्शम सिद्दीकी, अनीस सिद्दीकी, लालू, छोटू, बब्लू, वाल्मीकि कमेटी के अध्यक्ष राजू लाल, मंत्री अरुण, कोषाध्यक्ष विपिन प्रताप, अनिल विराट, नवीन विद्यार्थी, रमेश डी लाल, कुक्कू, लखन रोहिल, अतुल लंकेश, आकाश राज, राजकुमार, उमेश पाल सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Discussion about this post