नया बदायूं

जिला बार एसोसिएशन की आमसभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित, 6 नवंबर से जिला जज की अदालत का बहिष्कार करेंगे अधिवक्ता

 

बदायूं संवाददाता।

जिला बार एसोसिएशन बदायूं की आमसभा में जनपद न्यायाधीश विवेक संगल के कार्यव्यवहार और न्यायालय में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार को लेकर अधिवक्ताओं ने नाराजगी जताई। गुरुवार 5 नवंबर 2026 को आयोजित बैठक में अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर 6 नवंबर से जनपद न्यायाधीश की अदालत का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया।

जिला बार एसोसिएशन की ओर से जारी प्रस्ताव के अनुसार, आमसभा में अधिकांश अधिवक्ताओं एवं वक्ताओं ने जनपद न्यायाधीश के कार्य करने की शैली, अधिवक्ताओं के प्रति कथित अशोभनीय व्यवहार और न्यायालय में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। अधिवक्ताओं ने इन मुद्दों पर आक्रोश जताते हुए सर्वसम्मति से न्यायालय का कार्य बहिष्कार करने का प्रस्ताव पारित किया।

प्रस्ताव में निर्णय लिया गया कि 6 नवंबर 2026 से जनपद न्यायाधीश की अदालत का अनिश्चितकाल तक कार्य बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही प्रस्ताव की एक-एक प्रति माननीय मुख्य न्यायाधीश, उच्च न्यायालय इलाहाबाद एवं माननीय प्रशासनिक न्यायमूर्ति (बदायूं सत्र प्रभारी), उच्च न्यायालय इलाहाबाद को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी।

आमसभा का संचालन जिला बार एसोसिएशन के महासचिव संदीप कुमार मिश्रा एडवोकेट ने किया, जबकि अध्यक्षता अध्यक्ष देवपाल सिंह एडवोकेट ने की।

बैठक में अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर एकजुटता दिखाई। जिला बार एसोसिएशन के इस निर्णय से न्यायालय की न्यायिक कार्यवाही प्रभावित होने की संभावना है।

Exit mobile version