बदायूं/कानपुर संवाददाता। मानवता की सेवा और चिकित्सा शिक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित युग दधीचि देहदान अभियान ने आज एक और मील का पत्थर स्थापित किया। कानपुर के बिठूर क्षेत्र की निवासी 85 वर्षीय सुश्री स्वर्ण कौर का 14 वर्ष पुराना संकल्प आज उनकी मृत्यु के पश्चात पूर्ण हुआ। अभियान के प्रयासों से उनकी पार्थिव देह को राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं को चिकित्सा शोध हेतु सौंपा गया। प्रदेश स्तर पर अभियान द्वारा दान की गई यह 313वीं और बदायूं मेडिकल कॉलेज के लिए चौथी देह है।
तड़के मिली सूचना और त्वरित निर्णय।
बिठूर के ग्राम रमेल नगर की रहने वाली सुश्री स्वर्ण कौर ने वर्ष 2011 में देहदान का संकल्प लिया था। शनिवार, 3 जनवरी को तड़के 2:00 बजे एक स्थानीय अस्पताल में उनका निधन हो गया। परिजनों ने संकल्प का सम्मान करते हुए रात 3:00 बजे ही अभियान के निदेशक मनोज सेंगर से संपर्क किया। समय की संवेदनशीलता को देखते हुए मनोज सेंगर ने अपनी पत्नी माधवी सेंगर से परामर्श कर देह को बदायूं मेडिकल कॉलेज भेजने का निर्णय लिया। रात में ही समस्त आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं और सुबह 10:30 बजे शव वाहन कानपुर से बदायूं के लिए रवाना हुआ।
मेडिकल कॉलेज में दी गयी भावभीनी श्रद्धांजलि।
शाम 4:30 बजे पार्थिव देह बदायूं मेडिकल कॉलेज पहुँची, जहाँ एनाटॉमी विभाग के अध्यक्ष डॉ. एम. हुसैन और उनकी टीम ने देह को सम्मानपूर्वक स्वीकार किया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार ने सेंगर दंपति के साहस की सराहना करते हुए कहा:
”कानपुर से बदायूं तक देह लाकर समर्पित करना अद्भुत सेवा भाव का परिचायक है। चिकित्सा शिक्षा में इस योगदान हेतु कॉलेज सदैव ‘युग दधीचि अभियान’ का कृतज्ञ रहेगा।
परिजनों ने जताया संतोष।
स्वर्ण कौर की भतीज बहू कुलविंदर कौर ने बताया कि बुआ सास ने 2011 में बड़े उत्साह से यह संकल्प लिया था। आज 14 वर्ष बाद मनोज सेंगर के सहयोग से इसे पूरा होते देख परिवार अत्यंत संतोष का अनुभव कर रहा है। देह समर्पण के समय भाई सरदार गुरुपाल सिंह, सरदार इकबाल सिंह, मीनू सिंह और पारिवारिक मित्र कृपा शंकर पाण्डेय सहित कई लोग उपस्थित रहे।
प्रदेश भर में फैला युग दधीचि देहदान अभियान।
मनोज और माधवी सेंगर द्वारा संचालित यह अभियान अब कानपुर से निकलकर पूरे उत्तर प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों तक अपनी पहुँच बना चुका है। एनाटॉमी टीम के डॉ. अर्जित, डॉ. पारुल सक्सेना, डॉ. एस.के. मिश्र और अन्य सहयोगियों ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।
