नया बदायूं

दातागंज में ईवीएम का एक महीने तक चलेगा ट्रायल, 46 लोगों ने किया मतदान

 

दातागंज संवाददाता।

तहसील दातागंज में शुक्रवार को ईवीएम मशीनों के प्रदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत की गई। तहसीलदार दयाचंद पोरस की मौजूदगी में लोगों ने डमी मतदान कर ईवीएम मशीन के संचालन की जानकारी ली। पहले दिन तहसील परिसर में 46 लोगों को कर्मचारियों ने ईवीएम के जरिए मतदान का ट्रायल कराया।

तहसीलदार ने बताया कि ट्रायल के लिए दातागंज में 10 ईवीएम मशीनें पहुंची हैं। यह जागरूकता कार्यक्रम एक महीने तक चलेगा। प्रतिदिन क्षेत्र के लोगों को डमी मतदान कराकर ईवीएम से वोट डालने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी नायब तहसीलदार अमित कुमार हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतिदिन होने वाले डमी मतदान के बाद मशीनों के रिकॉर्ड का मिलान कर उन्हें सुरक्षित सील किया जाएगा और स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही दो सशस्त्र आरक्षियों की तैनाती की गई है, जो सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे।

Exit mobile version