नया बदायूं, सहसवान, संवाददाता।
नगर के मोहल्ला मोहिउद्दीनपुर में जलभराव और गंदगी की खबर प्रकाशित होने के बाद सोमवार सुबह नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया।
मोहल्ला मोहिउद्दीनपुर में जलभराव वाली जगह पर जेसीबी मशीन से मिट्टी डलवाकर रास्ते को अस्थायी रूप से दुरुस्त किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ खानापूर्ति है। मोहल्लेवासी काफी समय से इस मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बरसात में फिर से पानी भरेगा और डाली गई मिट्टी कीचड़ में बदल जाएगी। इससे गंदगी और बदबू की समस्या और बढ़ जाएगी।
लोगों का आरोप है कि जब तक इस मार्ग पर पक्की सड़क और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की जाएगी, तब तक समस्या का समाधान संभव नहीं है। कावड़ यात्रा और आम आवागमन दोनों इसी कारण प्रभावित हो रहे हैं।
